Home Nagpur राजनगर में फायर कॉलेज के सामने टूटा ढक्कन हादसे को दे रहा...

राजनगर में फायर कॉलेज के सामने टूटा ढक्कन हादसे को दे रहा न्योता; डॉ. एम. ए. रशीद ने तत्काल मरम्मत की मांग उठाई।

3

नागपुर: शहर की मुख्य सड़कों पर टूटे और औंधे पड़े चैंबर के ढक्कन यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। दिन में दिखाई देने वाले ये अवरोध रात के अंधेरे में बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से समय रहते इन्हें दुरुस्त करने को लेकर उदासीनता नजर आ रही है।

राजनगर में पुलिस लाइन तालाब के समीप फायर कॉलेज के सामने मुख्य सड़क पर टूटा चैंबर का ढक्कन लंबे समय से खतरे का कारण बना हुआ है। सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को इससे दुर्घटना का जोखिम उठाना पड़ रहा है। खासकर रात के समय और तेज रफ्तार में यह टूटा ढक्कन जानलेवा साबित हो सकता है।

जमाअत-ए-इस्लामी हिंद, नागपुर के मीडिया प्रभारी डॉ. एम. ए. रशीद ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था पहले ही अनेक समस्याओं से जूझ रही है, ऐसे में सड़कों पर टूटे चैंबर और अन्य अवरोध नागरिकों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। प्रशासन अक्सर दुर्घटना होने के बाद ही जागता है, जबकि ऐसी समस्याओं पर पहले से ध्यान देकर हादसों को रोका जा सकता है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि राजनगर स्थित फायर कॉलेज के सामने टूटे चैंबर के ढक्कन को तत्काल ठीक किया जाए और शहरभर में सड़कों पर मौजूद ऐसे खतरनाक अवरोधों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।