नागपुर में भू-माफियाओं का आतंक! भाजपा पदाधिकारी के पिता के प्लॉट पर कब्जे का आरोप, गोली मारने की धमकी; समझौते के लिए दबाव, ACP से मांगा न्याय
नागपुर। उत्तर नागपुर में जमीन पर कथित अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। भाजपा के उत्तर नागपुर सचिव विनोद रमेश रापतीवार ने अपने पिता श्री रमेश लक्ष्मण रापतीवार के नाम पर आवंटित प्लॉट पर कब्जे, जबरन निर्माण और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने पहले DCP और अब ACP बंडिवार को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्लॉट पर आए तो गोली मारकर जान से मार देंगे’
विनोद रमेश रापतीवार का आरोप है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में कथित तौर पर कहा गया है—
“तू आमच्या प्लॉटवर आलास तर तुला गोळ्या घालून ठार मारू।”
इस धमकी के बाद परिवार में डर का माहौल है। शिकायतकर्ता का कहना है कि अपने पिता के हक के प्लॉट पर जाने में भी अब परिवार को डर लग रहा है।
पुलिस स्टेशन जाने से रोका, समझौते के लिए दबाव डालने का आरोप
ACP को दिए गए दूसरे पत्र में विनोद रमेश रापतीवार ने बताया कि उन्हें शाम 5 बजे पुलिस स्टेशन बुलाए जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन कपिल नगर पुलिस स्टेशन से उन्हें कोई फोन नहीं आया।
इसके बजाय एक अन्य व्यक्ति का फोन आया, जिसमें कथित तौर पर उनसे कहा गया—
“तुम पुलिस स्टेशन मत जाओ। वो बेकार लड़का है। आपस में बैठकर मामला निपटा लेते हैं।”इस पर शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया कि उन्हें कोई समझौता नहीं करना है, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय चाहिए।
ACP से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
विनोद रमेश रापतीवार ने पुलिस प्रशासन से दोनों पक्षों के दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है। साथ ही कथित अवैध निर्माण, जान से मारने की धमकी और समझौते के लिए दबाव बनाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने परिवार को पुलिस सुरक्षा देने और किसी अप्रिय घटना से पहले प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की भी मांग की है।
आम नागरिकों की जमीन कितनी सुरक्षित?
शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि यदि एक राजनीतिक पदाधिकारी के पिता के प्लॉट पर ही कथित कब्जे और धमकियों का मामला सामने आ रहा है, तो आम नागरिकों और गरीब लोगों की संपत्तियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? क्या भू-माफियाओं को पुलिस का डर नहीं रहा?
इस शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गृहमंत्री, DCP नागपुर और कपिल नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को भी भेजी गई है।
अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं








