नागपुर (उत्तर नागपुर, कपिल नगर):
अनियमितताओं के चलते ब्लैकलिस्ट की गई संगीता गैस एजेंसी का खामियाजा अब आम ग्राहकों को भुगतना पड़ रहा है। लगभग 10 से 15 हजार उपभोक्ता पिछले एक महीने से गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं, जबकि कई लोगों की बुकिंग पहले से लंबित है।
नागपुर की भीषण गर्मी ने हालात और भी गंभीर कर दिए हैं। वैसे ही लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं, ऊपर से बढ़ती गर्मी के कारण लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं, लेकिन फिर भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।
सबसे गंभीर बात यह है कि एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किए जाने के बाद भी ग्राहकों को यह नहीं बताया गया कि अब उन्हें सिलेंडर कहां से प्राप्त करना है। यदि एजेंसी को कहीं और मर्ज किया गया है, तो इसकी जानकारी भी उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचाई गई है।
ग्राहक लगातार एजेंसी के नंबर (0712-2642263) पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फोन बंद आ रहा है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
भाजपा नेता विनोद राव रापर्तीवार ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि हजारों उपभोक्ताओं को इस तरह असहाय छोड़ देना प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। उन्होंने मांग की है कि तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी दी जाए।
👉 इस मामले की शिकायत अब सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय (देवेंद्र फडणवीस) में भी दर्ज कराई गई है, जिससे प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
👉 फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर परेशान ग्राहक जाएं तो कहां जाएं?







