नागपुर: जमाअत-ए-इस्लामी हिंद नागपुर के चिल्ड्रन्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन (सीआईओ) के तत्वावधान में आयोजित पर्यावरण मुहिम का समापन समारोह जाफर नगर स्थित मर्कज़े इस्लामी हॉल में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अभियान के तहत वृक्षारोपण, सीड बॉल मेकिंग वर्कशॉप, मॉडल एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के 22 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने अनोखे विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण पर आधारित दो इंटरैक्टिव सेशन भी आयोजित किए गए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को शहर-स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला, जहां उन्होंने पुरस्कार भी प्राप्त किए।
सीआईओ के प्रतिनिधि अम्मार सिद्दीकी ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था बच्चों के नैतिक, शैक्षणिक और इस्लामी व्यक्तित्व विकास के लिए कार्य कर रही है। डॉ. आयशा फ़ैज़ान ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखकर रचनात्मकता और सकारात्मक मूल्यों से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. ख़्वाजा इज़हार अहमद ने कहा कि पर्यावरण संकट के लिए मनुष्य स्वयं जिम्मेदार है। उन्होंने पवित्र क़ुरआन और पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद साहब की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए स्वच्छता और वृक्षारोपण को सामाजिक जिम्मेदारी बताया तथा सभी से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।


समापन समारोह में विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र, मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अरवा फ़ैज़ान और मोहम्मद तल्हा ने किया, जबकि आभार इफ़रा सिद्दीकी ने व्यक्त किया। यह जानकारी जेआईएच मीडिया सचिव डॉ. एम. ए. रशीद ने दी।









