युवा पाठक और नए लेखक तैयार करना हमारी प्राथमिकता : डॉ. सलीम खान
नागपुर में इदारा-ए-अदब इस्लामी हिंद का दो दिवसीय राष्ट्रीय साहित्यिक सम्मेलन संपन्न, देशभर के साहित्यकारों ने लिया हिस्सा
नागपुर। इदारा-ए-अदब इस्लामी हिंद की ओर से नागपुर के गुरु नानक भवन में 14 और 15 नवंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय साहित्यिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों, कवियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में साहित्य, उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार, नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने और नए लेखकों को तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में इदारे के पदाधिकारियों और साहित्यकारों ने साहित्य की वैचारिक बुनियाद और मौजूदा दौर में उसकी भूमिका पर विचार रखे। इदारे के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सलीम खान ने कहा कि आज की पीढ़ी की जरूरतों और रुचियों को समझते हुए उसी के अंदाज में साहित्य प्रस्तुत करना होगा। अपने मूल्यों से समझौता किए बिना नए तरीकों को अपनाने की जरूरत है। सम्मेलन के पहले दिन ‘इदारा-ए-अदब इस्लामी हिंद : चुनौतियां और संभावनाएं’ विषय पर पैनल चर्चा हुई। इसमें विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। चर्चा में नई पीढ़ी के बौद्धिक विकास, उर्दू भाषा के प्रचार तथा नए पाठक तैयार करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जेन-ज़ी तक पहुंचने के लिए उनके अनुरूप लेखन और साहित्यिक गतिविधियां शुरू करनी होंगी।इसके अलावा काव्य गोष्ठी और अंतरराष्ट्रीय मुशायरे का आयोजन भी किया गया, जिसमें भारत के विभिन्न राज्यों के साथ कतर और सऊदी अरब से आए शायरों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। दूसरे दिन वर्तमान साहित्यिक परिदृश्य, सौंदर्यशास्त्र, कला, विभिन्न राज्यों की वार्षिक योजनाओं और स्थानीय भाषाओं में साहित्यिक गतिविधियों के विस्तार पर चर्चा हुई। उर्दू के अलावा अन्य भारतीय भाषाओं में साहित्यिक कार्य बढ़ाने और नई पीढ़ी को इदारे से जोड़ने के लिए अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। समापन सत्र में डॉ. सलीम खान ने नए लेखकों और नए पाठकों को तैयार करने को इदारे की प्राथमिकता बताया। उन्होंने साहित्यिक गतिविधियों को व्यापक बनाने और युवा पीढ़ी तक पहुंचने की आवश्यकता पर जोर दिया। सम्मेलन में भविष्य की योजनाओं और संगठन के विस्तार से जुड़े कई प्रस्ताव भी पेश किए गए।








