Home Nagpur जमाअ़त-ए-इस्लामी हिंद नागपुर नॉर्थ वेस्ट का 15 दिवसीय वृक्षारोपण अभियान शुरू

जमाअ़त-ए-इस्लामी हिंद नागपुर नॉर्थ वेस्ट का 15 दिवसीय वृक्षारोपण अभियान शुरू

5

नागपुर: जमाअ़त-ए-इस्लामी हिंद, नागपुर नॉर्थ वेस्ट की ओर से झींगाबाई टाकली क्षेत्र में 15 दिवसीय वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहरवासियों और पक्षियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बड़े आकार के पौधे लगाए जा रहे हैं।

स्थानीय अध्यक्ष इंतिख़ाब आलम ने बताया कि इस अभियान में 1 से 1.5 वर्ष पुराने नीम, कदम और आम के पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीम औषधीय गुणों से भरपूर है, जबकि कदम और आम के वृक्ष पक्षियों के बैठने और भोजन की व्यवस्था के लिए उपयोगी हैं। पौधों का रोपण आवासीय क्षेत्रों में किया जा रहा है, ताकि स्थानीय लोग उनकी कम से कम दो वर्षों तक देखभाल कर सकें। इस अवसर पर इंतिख़ाब आलम ने पर्यावरण संरक्षण पर इस्लामी दृष्टिकोण रखते हुए पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) का कथन भी साझा किया, “यदि कयामत आने वाली हो और आपके हाथ में पौधा हो तो उसे अवश्य लगाओ।”
मीडिया प्रभारी डॉ. एम. ए. रशीद ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नागपुर को अधिक हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाना है। कार्यक्रम में अबुल फज़ल रशीद ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित पवित्र क़ुरआन का पाठ किया, जबकि डॉ. अनवर सिद्दीकी ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अब्दुल माजिद ने किया।