Home Nagpur नागपुर में ऑटो चालक की हत्या के बाद बढ़ी सख्ती की मांग,...

नागपुर में ऑटो चालक की हत्या के बाद बढ़ी सख्ती की मांग, पार्षद प्रमोद ठाकुर,पार्षद शैलेश पांडे, पार्षद वसीम खान और समाजसेवी रिजवान खान रूमवी ने पुलिस आयुक्त से की मुलाकात

10

नागपुर। गोरेवाड़ा रोड स्थित हनुमान मंदिर टी-पॉइंट के पास कैटरिंग का काम समाप्त कर घर लौट रहे लोगों पर हुए जानलेवा हमले में ऑटो चालक मोहम्मद काशिद (35), निवासी मोमिनपुरा की हत्या के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है। मामले में नागपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटना के विरोध में आज पश्चिम नागपुर के पार्षद प्रमोद ठाकुर, कांग्रेस नेता शैलेश पांडे, पार्षद वसीम खान तथा समाजसेवी रिजवान खान रूमवी ने पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही अभियोजन पक्ष द्वारा प्रभावी पैरवी कर दोषियों को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने का भी आग्रह किया गया।

समाजसेवी रिजवान खान रूमवी ने पुलिस आयुक्त से गिरफ्तार आरोपियों की घटनास्थल एवं क्षेत्र में पैदल परेड कराने की मांग भी की। उनका कहना था कि इससे अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा और आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा।

पुलिस आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है तथा कानून के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नोट: प्रतिनिधिमंडल ने दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की है। किसी भी आरोपी की दोषसिद्धि और सजा का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों और कानून के आधार पर किया जाएगा