नागपुर – जाफ़र नगर ईदगाह ग्राउंड में ईदुल फ़ितर के मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय ने एकजुट होकर ईद की नमाज़ अदा की। चारों तरफ ईद की खुशियों का माहौल देखने को मिला, लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर जमाअ़त-ए-इस्लामी हिंद महाराष्ट्र के पूर्व राज्य अध्यक्ष रिज़वानुर्रहमान ख़ान ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में क़ुरआन और हज़रत मुहम्मद ﷺ की सीरत को केवल पढ़ना ही नहीं, बल्कि उसे अपनी रोजमर्रा की ज़िंदगी में उतारना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज में सुधार और बेहतर माहौल लाने के लिए हमें अपने आचरण और अमल को दुरुस्त करना होगा।





उन्होंने यह भी कहा कि रमज़ान के महीने में हमने जो सबक सीखे हैं, उन्हें अपने घर, कारोबार, बच्चों की परवरिश और सामाजिक व्यवहार में लागू करना चाहिए। इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और अल्लाह की रहमत भी हासिल होगी।
इमाम रहमतुल्लाह साहब ने नमाज़ अदा कराई और अपने ख़ुत्बे में मुल्क में अमन, शांति, आपसी भाईचारे और इंसानियत की भलाई के लिए खास दुआएं कीं।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। गिट्टीखदान पुलिस स्टेशन के पीआई विजय दिघे और उनकी टीम ने सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
इसके अलावा नौजवानाने जाफ़र नगर तंजीम के कार्यकर्ताओं ने ईदगाह ग्राउंड की साफ-सफाई, व्यवस्था और नमाज़ की तैयारियों में अहम योगदान दिया।
कुल मिलाकर यह आयोजन न सिर्फ इबादत का प्रतीक रहा, बल्कि आपसी प्रेम, एकता और सामाजिक सौहार्द का भी संदेश देता नजर आया।









