नागपुर। पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम को सम्पूर्ण जगत के लिए रहमत बताते हुए यूथ मूवमेंट ऑफ महाराष्ट्र, नागपुर ने मिलादुन्नबी के अवसर पर इंसानियत की सेवा का संदेश दिया। संगठन की ओर से जमाअ़ते इस्लामी हिंद और मेडिकल सर्विस सोसायटी के संयुक्त सहयोग से शहर में 7 स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिनमें कुल 834 यूनिट रक्त संकलित किया गया।

जाफ़र नगर स्थित मर्कज़े इस्लामी हॉल में आयोजित मुख्य समारोह ‘इस्लाम मानव-सेवा का महान भंडार’ में यूथ मूवमेंट ऑफ महाराष्ट्र, नागपुर के शहर अध्यक्ष आसिम ग़ाज़ी ने कहा, “जब ये रक्त बिना मज़हब देखे किसी की रगों में दौड़ेगा तो यही इस्लाम की असल रहनुमाई है।” उन्होंने कहा कि रक्तदान इंसानियत की बड़ी सेवा है और मिलादुन्नबी के अवसर पर रक्तदान के माध्यम से समाज में भाईचारे और मानव सेवा का संदेश पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि विभिन्न रक्तदान शिविरों में युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सदर अंजुमन हाई स्कूल में सदर पुलिस स्टेशन के पीएसआई उमेश तायडे ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।
रक्तदान शिविरों को सफल बनाने में जीवन ज्योति, तिरपुडे, नागपुर ब्लड सेंटर, जीएमसी, सुपर स्पेशलिटी, डागा और आईजीएमसी ब्लड बैंकों के साथ जमाअ़ते इस्लामी हिंद नागपुर तथा मेडिकल सर्विस सोसायटी का सहयोग रहा।
चोपड़े लॉन में आयोजित शिविर में डीसीपी जोन-2 अन्नपूर्णा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने तथा ज्ञानेश्वर दुर्गादास रक्षक ने यूथ मूवमेंट के प्रयासों की सराहना की। नॉर्थ जोन के क़िदवई स्कूल में आयोजित शिविर का उद्घाटन विधायक डॉ. नितिन राउत ने किया, जबकि सेंट्रल जोन के शिविर का उद्घाटन प्रभाग 8 के नगरसेवक वसीम ख़ान ने किया। सदर के शिविर का उद्घाटन सीनियर पीआई ज्ञानेश्वर भेदोडकर ने किया।
इसके अलावा मोमिनपुरा के अंसार हॉल, दहेगांव टी-पॉइंट और अंजुमन पॉलिटेक्निक में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
इस अवसर पर डॉ. मुबीन शेख़ ने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाने में मदद मिल सकती है और रक्त का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने जाफ़र नगर से सदर तक ब्लड बैंक की योजना की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में लेक्चरर जावेद शेख़ और जमाअ़ते इस्लामी हिंद नागपुर के शहर अध्यक्ष डॉ. ख्वाजा इज़हार अहमद ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की शुरुआत मौलाना मंज़ूर अहमद द्वारा पवित्र कुरआन की सूरह अल-माइदा की आयत 32 के पाठ से हुई। तारिक़ नसीरुद्दीन ने नात-ए-पाक पेश की, जबकि मंच संचालन जावेद देशमुख ने किया।
कार्यक्रम की जानकारी जमाअ़ते इस्लामी हिंद नागपुर के मीडिया प्रभारी डॉ. एम. ए. रशीद ने दी। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, ब्लड बैंकों, पुलिस प्रशासन और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।







