नैश नुसरत अली बनीं राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की सचिव,राष्ट्रीय सचिव नियुक्ति पर अलका लांबा सहित कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया

4

40 वर्षों बाद नागपुर की महिला को मिला राष्ट्रीय दायित्व
नई दिल्ली / नागपुर।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। इस कार्यकारिणी में 8 महासचिवों एवं 24 सचिवों की नियुक्ति की गई है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में नागपुर शहर की कांग्रेस की वरिष्ठ, सक्रिय एवं संघर्षशील महिला नेता नश नुसरत अली को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी में राष्ट्रीय सचिव पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह नियुक्ति नागपुर शहर के कांग्रेस संगठन के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है। लगभग 40 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद नागपुर शहर की किसी महिला कांग्रेस कार्यकर्ता को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान मिला है। नश नुसरत अली इस पद पर नियुक्त होने वाली नागपुर शहर की पहली महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हैं।
नश नुसरत अली सामाजिक, राजनीतिक एवं जनहित के मुद्दों पर निरंतर सक्रिय आंदोलनों के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने नागपुर शहर में जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए वर्षों तक निरंतर कार्य किया है और एक निष्ठावान एवं जुझारू कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
इससे पूर्व वे नागपुर शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष के रूप में भी संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। इसके साथ ही वे अल्पसंख्यक समुदाय से नागपुर शहर की पहली महिला पदाधिकारी हैं, जिन्हें अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान मिला है।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नश नुसरत अली ने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा सहित कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य महिला कार्यकर्ता को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देकर महिलाओं के नेतृत्व पर अपना विश्वास प्रकट किया है।
नश नुसरत अली की इस नियुक्ति से नागपुर शहर में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और ऊर्जा का माहौल है। इसे संगठन को नई दिशा और मजबूती देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।