नागपुर : SIR पर मुस्लिम लीग सक्रिय: नागपुर में मदद केंद्र और 2002 वोटर लिस्ट की प्रमाणित कॉपी देने की मांग

23

अप्रैल से शुरू होने वाले SIR (Special Intensive Revision / विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग नागपुर ने नागपुर के उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर महत्वपूर्ण मांगें रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने SIR प्रक्रिया को लेकर आम नागरिकों में सही जानकारी पहुंचाने और लोगों की मदद के लिए शहर में जोन स्तर पर सहायता केंद्र बनाने की मांग की।
मुस्लिम लीग ने प्रशासन से आग्रह किया कि SIR प्रक्रिया के लिए आवश्यक 2002 की वोटिंग लिस्ट की प्रमाणित कॉपी नागरिकों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोग अपने दस्तावेज आसानी से तैयार कर सकें। साथ ही यह भी मांग की गई कि SIR शुरू होने से पहले और सरकारी गाइडलाइन जारी होने के बाद सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाकर समन्वय बनाया जाए।


ज्ञापन में यह भी कहा गया कि SIR प्रक्रिया को लेकर बड़े स्तर पर विविध माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम जनता को आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की सही जानकारी मिल सके और किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर शिष्टमंडल में असलम खान मुल्ला (प्रदेश अध्यक्ष, मुस्लिम लीग महाराष्ट्र व नगरसेवक), गुलाम नबी (महासचिव, मुस्लिम लीग नागपुर शहर), हाजी इसरार (उपाध्यक्ष, नागपुर शहर), मुर्तजा खान मोहसिन (उपाध्यक्ष, नागपुर शहर), शेख सादिक (सहसचिव, नागपुर शहर), मोहम्मद जियाउद्दीन, नियाजउद्दीन अहमद, इकबाल अंसारी, ज़ुबैर खान (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, मुस्लिम यूथ लीग), नवाज शरीफ कुरैशी (अध्यक्ष, MSF महाराष्ट्र), मुज्तबा अंसारी (नगरसेवक), विश्वास पाटिल, फैयाज अहमद कुरैशी, एजाज अंसारी, अबुल अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।