लोक गायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर अपने व्यंग्यात्मक अंदाज़ को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने एक तस्वीर के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की है, जो तेजी से वायरल हो रही है।
तस्वीर में एक महिला चूल्हे पर रोटी बनाती नजर आ रही है, जबकि पास खड़ा एक छोटा बच्चा, जिसकी टी-शर्ट पर “विकास” लिखा है, रोता हुआ दिख रहा है। बैकग्राउंड में गैस सिलेंडर रखा हुआ है, जिससे पोस्ट का संदेश और स्पष्ट होता है।
इस तस्वीर के साथ नेहा सिंह राठौड़ ने लिखा—
“सिलेंडर खाली था और विकास भूख से रो रहा था… तो चूल्हा जलाकर रोटी बनाई और विकास को खाना खिलाया गया।
अंधभक्त इसे AI इमेज बताएंगे, लेकिन समझदारों को इशारा काफी होता है।”
इस पोस्ट को कई लोग महंगाई, खासकर रसोई गैस की कीमतों और आम जनता की मुश्किलों पर तंज के रूप में देख रहे हैं। “विकास” शब्द के प्रतीकात्मक इस्तेमाल को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है।
कुछ यूजर्स इसे सरकार की नीतियों पर कटाक्ष बता रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग इसे भ्रामक या अतिरंजित बताते हुए आलोचना भी कर रहे हैं।
नेहा सिंह राठौड़ पहले भी अपने गीतों और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर मुखर रही हैं। उनकी यह नई पोस्ट भी उसी सिलसिले का हिस्सा मानी जा रही है, जिसने एक बार फिर ऑनलाइन बहस को तेज कर दिया है।









