Home Nagpur नागपुर: सिगरेट पीती महिलाओं को घूरने का इतना बुरा अंजाम, शख्स की...

नागपुर: सिगरेट पीती महिलाओं को घूरने का इतना बुरा अंजाम, शख्स की चाकू घोंपकर की गई नृशंस हत्या

292

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के नागपुर शहर से क्राइम की स्तब्ध करने वाली खबर सामने आई है, जहां एक शख्स सिगरेट पीती दो महिलाओं को घूर रहा था, जिसके चलते ऐसा विवाद हुआ कि महिलाओं ने अपने दोस्तों को बुलाकर शख्स की हत्या करवा दी। इस मामले में पुलिस ने दोनों ही महिलाओं और उनके एक आरोपी दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस अभी भी एक आरोपी की तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला नागपुर शहर के महालक्ष्मी नगर का है। यहां एक पान की दुकान पर दो महिलाएं सिगरेट पी रही थीं और उस दौरान ही एक शख्स उन्हें देखने लगा। इसके चलते महिलाएं भड़क गईं और एक ने उस शख्स पर सिगरेट का धुआं उड़ाया, जिसके बाद बहस हुई। इसके बाद महिलाओं ने अपने दोस्तों को बुला लिया।

ऐसे में वह शख्स वहां से जाने लगा, तो महिलाओं ने अपने दोस्तों के साथ उसका पीछा किया और चाकू मारकर उस शख्स की हत्या कर दी। मृतक का नाम रंजीत राठौर था। एक महिला का नाम जयश्री पंजाड़े और दूसरी का नाम सविता सायरे है। पुलिस ने दोनों महिला और उनके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

दोस्त को महिलाओं ने बुलाकर करवाई हत्या

इस मामले में नागपुर पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि रंजीत राठौर नाम का शख्स भी उस दुकान पर सिगरेट खरीदने आया था, तभी वो उन दोनों महिलाओं को घूरने लगा था। ऐसे में महिलाएं नाराज हो गईं और फिर उनके बीच तीखी बहस हुई थी। इसके चलते दोनों में से एक महिला ने फिर अपने दोस्त आकाश राउत को फोन करके बुला लिया। अपने दोस्तों के साथ घटनास्थल पर पहुंचने के बाद, आकाश राउत रंजीत से भिड़ गया और उस पर कई बार चाकू से हमला करके उसकी जान ले ली।

बता दें कि ये घटना इलाके में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई, जिसके चलते आरोपियों के खिलाफ अहम सबूत भी मिल गए। वहीं दुकान के मालिक और मामले के मुख्य गवाह लक्ष्मण तावड़े का कहना है कि जयश्री के अपने दोस्तों को बुलाने के बाद वो दुकान बंदकर घर चला गया था

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, मामला दर्ज कर लिया गया है, आगे की कार्रवाई जारी है।